
नेशनल डेस्कः राजस्थान के नीमराना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां के मोहलड़िया गांव में स्थित एक कबाड़ के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिसमें 5 मजदूरों की जिंदा जलकर मौत हो गई है। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है।
लाखों का नुकसान, 4 मजदूर अभी भी लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग इतनी भयानक थी कि गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान और एक पिकअप वाहन जलकर राख हो गया। घटना के समय गोदाम में कई मजदूर काम कर रहे थे। हालांकि कुछ मजदूर भागने में सफल रहे, लेकिन 5 बदनसीब मजदूर आग की लपटों में घिर गए और उनकी जान चली गई। अब तक घटनास्थल से दो शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 4 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
दमकल विभाग और पुलिस मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। चश्मदीदों के मुताबिक, आग इतनी तेजी से फैली कि उसे काबू करने का मौका ही नहीं मिला। दमकल की टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने भी अपने स्तर पर बचाव कार्य शुरू किया और आग पर काबू पाने की कोशिश की।
जांच में जुटा प्रशासन
फिलहाल, प्रशासन की ओर से लापता मजदूरों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आग लगने के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।




