
लुधियाना- शहर में रिश्तों के कत्ल की एक खौफनाक साजिश का मामला सामने आया है, जहां एक पत्नी ने अपने ही भाई और प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति को मौत के घाट उतारने की योजना बना डाली। हथियारों से लैस हमलावरों ने पीड़ित के घर पर हमला बोलकर मुख्य गेट पर तलवारों से वार किए और उसे बाहर निकलने की चुनौती दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
पीड़ित पति हरमदीप सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 10 अप्रैल को वह अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद था, तभी उसे मनजिंदर सिंह उर्फ सोनी का फोन आया। फोन पर सोनी ने उसे खुलेआम जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, “अगर आज बच सकता है तो बच जा, नहीं तो आज तेरा काम तमाम कर दूंगा।” पीड़ित ने उस समय इसे मजाक समझकर फोन काट दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसके घर के बाहर जो मंजर था उसे देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई।
तकरीबन 2-3 अज्ञात हमलावर तेजधार हथियारों और तलवारों से लैस होकर पीड़ित के घर के बाहर पहुंचे। हमलावरों ने घर के बाहर खड़े होकर ऊंची आवाज में ललकारे मारे और गेट पर तलवारों से ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। हमलावर चिल्ला रहे थे, “बाहर निकल, आज तुझे सोने के गहने और पैसे देते हैं।” जान जाने के डर से पीड़ित घर के अंदर ही दुबका रहा और बाहर नहीं निकला। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसे पूरा यकीन है कि यह जानलेवा हमला उसकी पत्नी कोमलप्रीत कौर की सोची-समझी साजिश का हिस्सा है। उसकी पत्नी ने अपने भाई मनजोत सिंह और मनजिंदर सिंह सोनी के साथ मिलकर उसे रास्ते से हटाने की नीयत से यह हमला करवाया है। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ साजिश रचने और जानलेवा हमला करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फरार आरोपियों और अज्ञात हमलावरों की तलाश में छापेमारी कर रही है।




