
रायपुर। रायपुर। वेदांता पावर प्लांट हादसे को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि हादसा गंभीर है और मामले में चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 19 लोगों पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है।
विजय शर्मा ने बघेल के उस आरोप को खारिज किया, जिसमें एफआईआर सार्वजनिक नहीं करने की बात कही गई थी। उन्होंने कहा कि अब एफआईआर ऑनलाइन दर्ज होती है, यदि किसी को जानकारी चाहिए तो लिंक के माध्यम से देख सकता है। उनका कहना था कि इस तरह के आरोप तथ्यों से परे हैं और जनता को भ्रमित करने की कोशिश है।
दरअसल, भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वेदांता के पिछले हादसों की तरह इस बार भी जिम्मेदारों को बचाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने तत्कालीन भाजपा सरकार पर भी लीपापोती के आरोप लगाए थे।
इधर, विजय शर्मा ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि देश की आधी आबादी को 33% आरक्षण देने का ऐतिहासिक फैसला लिया गया है और जो इसका विरोध करते हैं, उन्हें देश की महिलाओं को जवाब देना चाहिए।
नक्सल मुद्दे पर उन्होंने कहा कि बस्तर में अब हालात बदल चुके हैं। लोग खुले माहौल में जीवन जी रहे हैं और विकास कार्य गांव-गांव तक पहुंच रहे हैं। सरकार “वाइब्रेंट बस्तर विलेज” जैसी योजनाओं के जरिए क्षेत्र को आगे बढ़ा रही है।
इसके अलावा पश्चिम बंगाल के अपने दौरे को लेकर उन्होंने दावा किया कि वहां भाजपा को व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है और आगामी समय में राज्य में भाजपा की सरकार बनने की पूरी संभावना है।




