
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज राष्ट्रीय राजधानी में हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत दिल्ली में 70 लाख पौधे लगाने के मिशन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्री शाह ने कहा कि यह अभियान दिल्ली के पर्यावरण को बदलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान शुरू किया था।
गृह मंत्री ने कहा कि सरकार यमुना नदी को साफ करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष में 129 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट चालू हो गए हैं, जिससे नदी में उपचारित जल का प्रवाह सुनिश्चित हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार ने एक नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति लागू की है और हरित दिल्ली के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्री शाह ने सभी नागरिकों से अपनी मां के नाम पर एक पौधा लगाने की अपील की।
पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री शाह ने दिल्ली रिज के पुनरुद्धार को कार्यक्रम का मुख्य केंद्र बताया। श्री शाह ने कहा कि रिज के लगभग पांच हजार हेक्टेयर क्षेत्र को अब औपचारिक रूप से वन भूमि घोषित कर दिया गया है।






