नया साल का पहला हफ्ता बीजेपी नेताओं पर पड़ने लगा भारी, “ख़ून के छींटों” से भरे सड़क हादसों का सिलसिला, बीजेपी विधायक के बेटे और गृहमंत्री के काफिले की चपेट में आए युवकों की बाल-बाल बची जान…

रायपुर : छत्तीसगढ़ में राज्य की बीजेपी सरकार के लिए सड़क हादसे बड़ी चुनौती बन कर सामने आ रहे है। नए साल 2026 की शुरूआत गंभीर सड़क हादसों के पैग़ाम के साथ सामने आने से बीजेपी सरकार के गलियारों में हड़कंप है। रायपुर में एक ताज़ा घटना में बीजेपी विधायक के बेटे की तेज़ रफ़्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है,घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे,अग्रसेन धाम के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। तेज़ रफ़्तार अनियंत्रित कार में भरतपुर-सोनहत की भाजपा विधायक रेणुका सिंह के बेटे लक्की सिंह समेत कुल चार लोग सवार थे, जिनमें दो युवक और दो युवतियां शामिल बताई जाती है।

यह भी पढ़े : छत्तीसगढ़ शराब घोटाला, ED की बड़ी कार्रवाई, IAS निरंजन दास समेत 31 अधिकारियों की 38.21 करोड़ की संपत्ति कुर्क…

हादसे के वक्त विधायक रेणुका सिंह के पुत्र लक्की सिंह कार ड्राइव कर रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया,जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी लक्की सिंह को हिरासत में ले लिया हैं। जबकि, कार में सवार अन्य तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि विधायक पुत्र लक्की सिंह के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार आरोपियों की खोजबीन जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़े : अँधा प्यार या फिर अंधाधूंध प्यार ! डीएसपी कल्पना वर्मा V/S दीपक टंडन अब नए मोड़ में , 2 करोड़ 28 लाख की चढ़ोत्तरी का ब्यौरा पुलिस को सौंपने के बाद कसा तंज -“जो प्रेम आपको मूर्ख नहीं बनाता, वह प्रेम नहीं”…

उधर, कवर्धा में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के काफिले की चपेट में आने से 2 बाइक सवार बुरी तरह से घायल हो गए। हालाँकि, दोनों की जान बाल-बाल बची, घटना रविवार की बताई जाती है। कवर्धा में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के काफिले में शामिल एक शासकीय वाहन से हादसे की ख़बर सामने आई। घटना सिटी कोतवाली स्थित रेस्ट हाउस के सामने उस समय हुई, जब उपमुख्यमंत्री का काफिला दौरे के लिए अपने गंतव्य के लिए रवाना हुआ था।

बताया जाता है, कि इसी दौरान रेस्ट हाउस के गेट से काफिले के बाहर आते ही एक बाइक में सवार दो युवक उसकी चपेट में आ गए। इस टक्कर से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

राज्य में बीते वर्ष घटित सड़क हादसों में कई मंत्रियों को भी अप्रिय स्थितियों का सामना करना पड़ा था, इनमें स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल और कृषि मंत्री राम विचार नेताम का नाम प्रमुखता से सामने आया था। फ़िलहाल,नए साल के पहले हफ्ते से ही सड़क हादसों का सिलसिला शुरू हो गया है, बीजेपी परिवार में ये सड़क हादसे चर्चा का विषय बन गए है,आम कार्यकर्ताओं को ये हादसे किसी अपशगुन से कम नजर नहीं आ रहे है।

About The Author