
पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी होंगे. भाजपा विधायक दल की बैठक में सुवेंदु अधिकारी को नेता चुना गया. कल सुबह 11 बजे वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. इसके बाद अटकलों पर विराम लग गया है. ज़ी न्यूज ने सबसे पहले इस बात की जानकारी दी थी कि सुवेंदु अधिकारी ही बंगाल के नए सीएम होंगे, जिसपर अब मुहर लग गई है. अमित शाह ने सुवेंदु के नाम का ऐलान किया.

दरअसल, पश्चिम बंगाल में पहली बार बीजेपी ने प्रचंड बहुमत से सरकार बनाई है और कुल 207 सीटों पर जीत हासिल की. बीजेपी की जीत के बाद मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सुवेंदु के नाम की चर्चा की जा रही थी. विधयाक दल की बैठक में उन्हें ही नेता चुना गया. अमित शाह ने बताया कि सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से सुवेंदु के नाम पर मुहर लगाई. इसके अलावा पश्चिम बंगाल नें कोई डिप्टी सीएम नहीं होगा. पश्चिम बंगाल के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पर्यवेक्षक बनाया गया था. आज शाह दिल्ली से कोलकाता पहुंचे. कोलकाता में बीजेपी के सभी विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लगी. अमित शाह ने बताया कि सभी विधायकों ने एक मत से सुवेंदु अधिकारी के नाम पर सहमति जताई और कोई अन्य नाम नहीं सुझाया गया.




