
ईरान की मशहूर सिंगर परस्तू अहमदी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वजह बना उनका एक ऑनलाइन लाइव कॉन्सर्ट, जिसने अब बड़ा कानूनी और सामाजिक विवाद खड़ा कर दिया है।मामला दिसंबर 2024 का बताया जा रहा है, जब परस्तू अहमदी ने ऑनलाइन लाइव परफॉर्मेंस के दौरान स्लीवलेस ड्रेस पहनकर प्रस्तुति दी और हिजाब नहीं पहना। इस परफॉर्मेंस का वीडियो सामने आने के बाद ईरान में विवाद शुरू हो गया। शुरुआत में उन्हें हिरासत में लिया गया, हालांकि बाद में रिहा कर दिया गया था। अब रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। बताया जा रहा है कि परस्तू अहमदी और उनकी टीम के 8 सदस्यों को 74-74 कोड़ों की सजा दी गई है। साथ ही सिंगर पर दो साल तक देश छोड़ने पर रोक और किसी भी तरह की आर्टिस्टिक गतिविधियों में हिस्सा लेने पर प्रतिबंध लगाया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार अदालत ने इस मामले को अश्लील कंटेंट साझा करने और स्थानीय नियमों के उल्लंघन से जोड़ा है। इस फैसले के बाद मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और कई कलाकारों ने विरोध जताया है और इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता से जुड़ा मुद्दा बताया है। बता दें कि दिसंबर 2024 में परस्तू अहमदी ने यूट्यूब पर लाइव परफॉर्मेंस के दौरान देशभक्ति गीत “आज खूने जवानाने वतन” गाया था, जिसे लाखों लोगों ने देखा। लेकिन परफॉर्मेंस के दौरान उनके पहनावे और हिजाब न पहनने को लेकर विवाद खड़ा हो गया। गौरतलब है कि ईरान में महिलाओं के सार्वजनिक मंच पर गाने और ड्रेस को लेकर सख्त नियम लागू हैं। इससे पहले भी परस्तू अहमदी इन नियमों के विरोध को लेकर चर्चा में रही हैं और 2022 के हिजाब विरोधी प्रदर्शनों से भी उनका नाम जुड़ चुका है। अब इस पूरे मामले ने ईरान में कला, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और सामाजिक नियमों को लेकर नई बहस छेड़ दी है।





