
रायपुर। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी रायपुर पहुंचने के बाद सीधे अभनपुर के लिए रवाना हुए। यहां आयोजित कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में वे लगभग चार घंटे तक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों के साथ सीधे संवाद करेंगे। हालांकि पूरे आयोजन को सीमित और गोपनीय रखा गया है, लेकिन प्रदेशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी देखने को मिली।

सक्ति जिले के जैजपुर से पहुंचे ब्लॉक अध्यक्ष कौशिक चंद्र ने बताया कि वे पहले भी बाइक से दिल्ली जाकर राहुल गांधी से मिलने की कोशिश कर चुके थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इस बार भी वे विशेष रूप से बाइक से अभनपुर पहुंचे हैं।राहुल गांधी के दौरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी प्रशिक्षण शिविर में “आलू से सोना निकालने” की ट्रेनिंग देने आए हैं। इस पर कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय ने पलटवार करते हुए कहा कि पुरंदर मिश्रा “एक्सीडेंटल विधायक” हैं और चर्चा में बने रहने के लिए अनर्गल बयान दे रहे हैं। पुरंदर मिश्रा ने राहुल गांधी का स्वागत करते हुए यह भी कहा कि भगवान राम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में उनका स्वागत है और टिप्पणी की कि जिन भगवान राम के अस्तित्व पर पहले सवाल उठाए गए, आज उसी धरती पर राहुल गांधी पहुंचे हैं।






