
बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के चर्चित कथावाचक और ज्योतिषाचार्य पंडित नयन नरेंद्र शास्त्री को दुष्कर्म के मामले में बिलासपुर हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। हालांकि, उन्हें फिलहाल जेल से रिहाई नहीं मिलेगी, क्योंकि उनके खिलाफ दर्ज करोड़ों की कथित ठगी के मामले में जमानत पर फैसला अभी बाकी है।दुष्कर्म मामले में हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद भी पंडित नयन नरेंद्र शास्त्री की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं।

अदालत ने उन्हें दुष्कर्म मामले में जमानत दे दी है, लेकिन ठगी के दूसरे मामले में अभी उन्हें राहत नहीं मिली है। इसी वजह से उनकी जेल से रिहाई फिलहाल संभव नहीं होगी। पंडित नयन नरेंद्र शास्त्री पर पहले से ही एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज है। इसके अलावा नोएडा के एक डॉक्टर ने उन पर लाखों रुपये की कथित ठगी का आरोप भी लगाया है।

इस शिकायत के आधार पर रायपुर पुलिस ने अलग से धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। कानूनी जानकारों के मुताबिक, दुष्कर्म मामले में जमानत मिलने के बावजूद ठगी के केस में जमानत नहीं मिलने तक पंडित नयन नरेंद्र शास्त्री जेल से बाहर नहीं आ सकेंगे। अब सभी की निगाहें ठगी मामले में दायर जमानत याचिका पर होने वाली सुनवाई पर टिकी हैं, जिस पर जल्द सुनवाई होने की संभावना जताई जा रही है।





