
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संयुक्त अरब अमीरात दौरे की शुरुआत बेहद खास अंदाज में हुई। जैसे ही पीएम मोदी का विमान यूएई के हवाई क्षेत्र में पहुंचा, वहां की वायु सेना के F-16 लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।अबू धाबी पहुंचने पर यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने खुद एयरपोर्ट पर पहुंचकर प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी साफ नजर आई।

पीएम मोदी ने इस खास सम्मान के लिए यूएई का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिस तरह यूएई एयरफोर्स ने उनके विमान को एस्कॉर्ट किया, वह भारत के लोगों के लिए सम्मान की बात है। साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद से मुलाकात पर खुशी भी जाहिर की।यूएई की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, पीएम मोदी के विमान के यूएई एयरस्पेस में प्रवेश करते ही लड़ाकू विमानों के विशेष फॉर्मेशन ने उनका स्वागत किया। इतना ही नहीं, स्क्वाड्रन लीडर ने आधिकारिक रूप से विमान को एयरपोर्ट तक एस्कॉर्ट करने की अनुमति भी मांगी थी।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर यूएई राष्ट्रपति को इस गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने उन्हें अपना “भाई” बताते हुए इस सम्मान को दोनों देशों की मजबूत दोस्ती का प्रतीक बताया।गौरतलब है कि पीएम मोदी पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में यूएई पहुंचे हैं। इसके बाद वह चार यूरोपीय देशों के दौरे पर भी जाएंगे।



