
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने तमिलनाडु में एनएच-83 के नागपट्टिनम-तंजावुर खंड पर 4-लेन तिरुवरूर बाईपास परियोजना के लिए 1,427.61 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है। 14.9 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में एनएच-129ए और एनएच-134ए पर दो अतिरिक्त रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण भी शामिल है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दी जानकारी
नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि यह रणनीतिक परियोजना तिरुचिरापल्ली और कोयंबटूर जैसे प्रमुख औद्योगिक केंद्रों को कराईकल और नागपट्टिनम जैसे बंदरगाह शहरों से बेहतर तरीके से जोड़ेगी। इससे क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कई प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरेगा बाईपास
प्रस्तावित तिरुवरूर बाईपास आदियाक्कमंगलम-तंडलाई से शुरू होकर अतिपुलियूर, अंडीपलायम, किदारमकोंडान, पल्लीवरमंगलम, पेरुम्पुगलुर, इलावंगारकुडी और अनाइवादपति कॉलोनी जैसे प्रमुख इलाकों से होकर गुजरेगा। परियोजना के तहत एनएच-129ए और एनएच-134ए पर दो अतिरिक्त रोड ओवर ब्रिज का भी निर्माण किया जाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम होगी।
तिरुवरूर शहर में घटेगी भीड़भाड़
केंद्रीय मंत्री के अनुसार, परियोजना पूरी होने के बाद तिरुवरूर शहर में यातायात दबाव में बड़ी कमी आएगी। इससे यात्रा का समय करीब 15 मिनट तक कम हो जाएगा। साथ ही घनी आबादी और व्यावसायिक क्षेत्रों से भारी वाहनों का दबाव हटने से सड़क सुरक्षा में भी सुधार होगा।
मंदिर और राज्य राजमार्गों से बेहतर संपर्क
यह परियोजना एसएच-23, एसएच-65 और प्रसिद्ध त्यागराज स्वामी मंदिर तक बेहतर संपर्क उपलब्ध कराने में भी मददगार साबित होगी। सरकार का मानना है कि इससे क्षेत्र में आधारभूत ढांचे के विकास को गति मिलेगी और लोगों की आवाजाही अधिक सुविधाजनक होगी।




