
मुरादाबाद में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां नशे को लेकर हुए विवाद में दामाद ने अपनी सास की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।

क्या है मामला?
घटना थाना मझोला क्षेत्र के जयंतीपुर की है। यहां रहने वाली 50 वर्षीय महिला रुखसाना के चार बेटियां और तीन बेटे हैं। उनकी बड़ी बेटी साहिबा कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी।
बताया गया कि साहिबा का पति गुलनवाज अपने दोस्त मुस्तफा के साथ ससुराल पहुंचा था। इस दौरान उसका अपनी पत्नी से विवाद हो गया। विवाद के बीच सास रुखसाना ने दामाद को नशा करने को लेकर डांट दिया। इससे नाराज होकर गुलनवाज ने तमंचा निकाल लिया।
परिजनों के अनुसार, रुखसाना ने हथियार को खिलौना समझते हुए उसे अंदर रखने की बात कही। इसी बात से भड़के गुलनवाज ने गुस्से में गोली चला दी, जिससे रुखसाना गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी
गोली चलाने के बाद गुलनवाज अपने साथी मुस्तफा के साथ मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम की मदद से सबूत जुटाए। मृतका की बेटी साहिबा की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस का बयान
रणविजय सिंह, एसपी सिटी ने बताया कि हत्या के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मुस्तफा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी गुलनवाज की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।




