
चेन्नई। तमिलनाडु में सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मिड-डे मील योजना में बड़ा बदलाव प्रस्तावित किया गया है। राज्य सरकार के सामने एक ऐसा प्रस्ताव रखा गया है, जिसमें बच्चों को सप्ताह में एक दिन चिकन बिरयानी परोसने की योजना शामिल है। हालांकि, इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। तमिलनाडु के स्कूल शिक्षा मंत्री राज मोहन ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के सामने यह प्रस्ताव रखा है। उन्होंने कहा कि राज्य में स्कूली पोषण योजनाओं को समय-समय पर मजबूत किया गया है और अब इसी परंपरा को आगे बढ़ाने की कोशिश की जा रही है।

मंत्री के अनुसार, पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज ने मिड-डे मील योजना की शुरुआत की थी। इसके बाद करुणानिधि ने इसमें अंडे शामिल किए, जबकि एमजीआर और जयललिता के कार्यकाल में इसे और विस्तार मिला। अब सरकार बच्चों के पोषण को ध्यान में रखते हुए नए विकल्पों पर विचार कर रही है। तमिलनाडु लंबे समय से स्कूली पोषण योजनाओं में अग्रणी रहा है। राज्य में बच्चों को बेहतर भोजन उपलब्ध कराने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। यदि मुख्यमंत्री इस प्रस्ताव को मंजूरी देते हैं, तो यह स्कूल भोजन व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव माना जाएगा। फिलहाल प्रस्ताव मुख्यमंत्री के विचाराधीन है और मंजूरी मिलने के बाद ही इसके लागू होने की प्रक्रिया शुरू होगी।





