
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी स्थित बी.के. दत्त कॉलोनी में मंगलवार को एक दर्दनाक अग्निकांड हुआ। रिहायशी इमारत की तीसरी मंजिल पर अचानक भीषण आग भड़क उठी, जिसकी चपेट में आने से एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां और दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने और राहत-बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन तब तक तीनों की जान नहीं बचाई जा सकी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीसरी मंजिल से उठती आग की ऊंची लपटों और घने धुएं को देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और दमकल कर्मियों की मदद की। पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरी इमारत और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया, जबकि दमकल टीम ने यह सुनिश्चित किया कि अंदर कोई अन्य व्यक्ति फंसा न हो। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट समेत अन्य तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि वास्तविक वजह फॉरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें घटनास्थल का निरीक्षण कर रही हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इमारत में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम थे या नहीं। यदि जांच में किसी तरह की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







