Oplus_16908288
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। अपने संदेश में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अनगिनत सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए देश के युवाओं से भारत के विकास और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को किया याद
ओम बिरला ने अपने संदेश में कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों को याद करने का अवसर है, जिन्होंने स्वतंत्र भारत के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि देश को आजाद हुए करीब आठ दशक होने को हैं और अब भारत के सामने एक नया संकल्प है।
दुनिया का नेतृत्व करने वाला भारत बनाने का संकल्प
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश को ऐसा राष्ट्र बनाने का संकल्प लेना होगा, जो अपने युवाओं की क्षमता के बल पर हर क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करे। उन्होंने कहा कि भारत की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है और आने वाले समय में राष्ट्र की दिशा तय करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
65% आबादी 35 वर्ष से कम
बिरला ने कहा कि देश की लगभग 65% आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है। शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, स्टार्टअप, खेल और अन्य क्षेत्रों में भारत के युवा देश को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने हाल में राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का भी उल्लेख किया और कहा कि खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से देश का नाम रोशन किया है।
लोकतांत्रिक मूल्यों को जीवन में अपनाने की अपील
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि देश के हर युवा के लिए जरूरी है कि वह संवैधानिक और लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाए। युवाओं को अपने सपनों को भारत के विकास से जोड़ना चाहिए और अपने कर्तव्य को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाना चाहिए।
विकसित भारत के निर्माण का संकल्प
ओम बिरला ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशवासियों से मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी महत्वपूर्ण है। लोकसभा अध्यक्ष ने अपने संदेश के अंत में एक बार फिर देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं




