
नई दिल्ली। आईपीएल के संस्थापक और पूर्व चेयरमैन ललित मोदी ने संकेत दिए हैं कि वह करीब 16 साल बाद भारत लौट सकते हैं। 2009 के आईपीएल के दक्षिण अफ्रीका में आयोजित सीजन से जुड़े विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) मामले में अपीलीय ट्रिब्यूनल से राहत मिलने के बाद उन्होंने कहा कि अब उनके भारत आने का रास्ता काफी हद तक साफ हो गया है।साल 2010 से भारत से बाहर रह रहे ललित मोदी का कहना है कि ट्रिब्यूनल के फैसले ने वर्षों से चली आ रही कानूनी लड़ाई का अंत कर दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि वह इस साल के अंत तक या फिर अगले साल की शुरुआत में भारत लौट सकते हैं।

ट्रिब्यूनल के फैसले पर खुशी जाहिर करते हुए ललित मोदी ने कहा कि यह उनके लिए बेहद खास दिन है। उन्होंने कहा कि पिछले 16 वर्षों से वह जिस बात को कहते आ रहे थे, आखिरकार वही सही साबित हुई। उनके मुताबिक, उनकी प्राथमिकता हमेशा आईपीएल का हित रहा और अब जब यह मामला पीछे छूट चुका है, तो वह अपनी जिंदगी में आगे बढ़ना चाहते हैं।ललित मोदी ने बताया कि उनकी बेटी अक्टूबर में बेटे को जन्म देने वाली हैं। उन्होंने कहा कि परिवार में इस खुशी के आने के बाद वह भारत लौटने की योजना बना रहे हैं। यदि सब कुछ ठीक रहा तो वह इस साल के आखिर तक या अगले साल की शुरुआत में देश वापस आ सकते हैं।
क्या था मामला?
यह मामला वर्ष 2009 में दक्षिण अफ्रीका में आयोजित आईपीएल सीजन से जुड़ा है। ‘स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स (संपत्ति की जब्ती) अधिनियम’ (SAFEMA) के तहत अपीलीय ट्रिब्यूनल ने ललित मोदी और अन्य अपीलकर्ताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकांश निष्कर्षों और लगाए गए जुर्मानों को निरस्त कर दिया। इसी फैसले के बाद ललित मोदी ने भारत लौटने की इच्छा सार्वजनिक रूप से व्यक्त की।






