Oplus_16908288
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को जकार्ता में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर लगातार चुनौतियों और संकटों के बावजूद भारत एक के बाद एक सुधारों के जरिए तेज गति से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की विकास यात्रा का अर्थ 1.4 अरब लोगों की आगे बढ़ती उम्मीदें और आकांक्षाएं हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज गांव से लेकर शहर तक हर भारतीय में आगे बढ़ने और सफलता हासिल करने का विश्वास पैदा हुआ है।
सुधारों ने बदली भारत की तस्वीर
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत की प्रगति अचानक नहीं हुई है, बल्कि लगातार किए गए सुधारों और बेहतर प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ के मंत्र के साथ देश आगे बढ़ रहा है। इसी सोच ने भारत को तेजी से बदलने और वैश्विक स्तर पर मजबूत अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाई है।
भारतीय समुदाय की भूमिका की सराहना
पीएम नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की कार्यक्रम में मौजूदगी का स्वागत करते हुए कहा कि यह दोनों देशों के बीच गहरे रिश्तों का प्रतीक है। उन्होंने इंडोनेशिया के विकास में भारतीय समुदाय के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि प्रवासी भारतीय भारत और इंडोनेशिया के बीच मित्रता की मजबूत कड़ी हैं।
साझी सांस्कृतिक विरासत का किया उल्लेख
प्रधानमंत्री ने कहा कि महानदी में केले के तने से बनी नावें तैराने की परंपरा, वायांग कुलित के माध्यम से महाभारत का मंचन और देवी श्री की पूजा जैसी परंपराएं भारत और इंडोनेशिया के सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंधों की जीवंत मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देशों का रिश्ता जितना प्राचीन है, उतना ही समृद्ध भी है।
भारत और इंडोनेशिया के साझा विकास पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत इंडोनेशिया और पूरे आसियान क्षेत्र में विकास और समृद्धि का मजबूत साझेदार बनने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया दोनों ही तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और दोनों देशों के पास रुकने का समय नहीं है।
वैश्विक संकटों के बीच भी मजबूत रही भारतीय अर्थव्यवस्था
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था आज वैश्विक विकास की प्रमुख ताकत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी और पश्चिम एशिया में पैदा हुए संकट जैसे कठिन दौर में भी भारत की आर्थिक विकास की रफ्तार बनी रही और देश ने मजबूती के साथ आगे बढ़ना जारी रखा।
भारतीय समुदाय और राष्ट्रपति प्रबोवो का जताया आभार
प्रधानमंत्री ने जकार्ता में भारतीय समुदाय से मिले स्नेह और आत्मीय स्वागत के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि भारतीय समुदाय का प्रेम और उत्साह उन्हें बेहद प्रभावित कर गया। उन्होंने राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो की कार्यक्रम में मौजूदगी के लिए भी धन्यवाद दिया और कहा कि उनके संबोधन में भारत के प्रति आत्मीयता स्पष्ट रूप से दिखाई दी।






