
लुधियाना : डिप्टी कमिश्नर-कम-जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु जैन ने सोमवार को अपने कार्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एस.आई.आर.-2026 के संबंध में एक अहम बैठक की। बैठक में आगामी चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को पूरी तरह त्रुटिरहित बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिला चुनाव अधिकारी हिमांशु जैन ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि वोटर सूची की एस.आई.आर. का पहला चरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। अब वोटर सूची का प्रारंभिक/ड्राफ्ट प्रकाशन 13 अगस्त को किया जाएगा। दावे और आपत्तियां दाखिल करने की अवधि 13 अगस्त से 12 सितंबर तक रहेगी। इसके साथ ही दावों/आपत्तियों का निपटारा व नोटिस जारी करना 13 अगस्त से 8 अक्टूबर तक रहेगा। वोटर सूची का अंतिम प्रकाशन 12 अक्टूबर तक होगा।
हिमांशु जैन ने बताया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को फोटो युक्त व बिना फोटो वाली वोटर सूची की सॉफ्ट कॉपी उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अपील की कि पार्टियां अपने संबंधित क्षेत्रों में कार्यरत बूथ लेवल एजेंटों की मदद से मतदाता प्रविष्टियों में यदि कोई त्रुटि हो, तो उसे समय रहते दुरुस्त करवाएं। इसके अलावा यह ड्राफ्ट रोल की आधिकारिक वेबसाइट पर भी अपलोड किया जाएगा, जहां से कोई भी आम नागरिक अपने नाम और विवरण की जांच कर सकता है।




