
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई से स्कूल वैन की लापरवाही का एक गंभीर मामला सामने आया है। छावनी थाना क्षेत्र में एक मासूम बच्चा चलती स्कूल वैन से सड़क पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि वैन के पीछे उस समय कोई दूसरा वाहन नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई की दोपहर फॉरबेल्स स्कूल की वैन बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। नंदिनी रोड पर एक बच्चे को उतारने के बाद वैन आगे बढ़ी, तभी पीछे बैठा एक अन्य बच्चा संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वैन का पिछला गेट ठीक से बंद नहीं किया गया था। बताया जा रहा है कि ड्राइवर ने जल्दबाजी में गेट लॉक किए बिना ही वाहन आगे बढ़ा दिया, जिसके चलते बच्चा खुले गेट से बाहर गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत चालक को रोकने की कोशिश की, लेकिन वैन काफी आगे निकल चुकी थी। बाद में कुछ बाइक सवारों ने वैन का पीछा कर उसे रुकवाया। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चे को दोबारा वैन में बैठाया गया। घटना के समय स्कूल वैन में ड्राइवर के अलावा कोई कंडक्टर या सहायक मौजूद नहीं था। ऐसे में बच्चों की निगरानी करने वाला कोई नहीं था, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद अभिभावकों में भी चिंता बढ़ गई है। अब इस घटना को लेकर स्कूल प्रबंधन और स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं तथा मामले की जांच की जा रही है।





