
मानपुर: पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आईएएस अधिकारी के फार्म हाउस पर छापा मारकर 18 लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से ताश के पत्ते, 30 मोबाइल फोन और करीब 13 लाख 68 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया है।पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई मानपुर थाना क्षेत्र के आवलीपुरा गांव में स्थित एक फार्म हाउस पर की गई। छापेमारी के दौरान मौके से 18 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया, जबकि छह आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

दिलचस्प बात यह रही कि फार्म हाउस के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था, जबकि अंदर जुआ चल रहा था। पुलिस ने मौके से ताश की गड्डियां, नकदी और कई मोबाइल फोन जब्त किए हैं।पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मुख्य आरोपी जगदीश राठौड़ उर्फ कुबड़ा, फार्म हाउस के कर्मचारी रंजीत चौधरी समेत कुछ अन्य आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
IAS अधिकारी का है फार्म हाउस
बताया जा रहा है कि यह फार्म हाउस आईएएस अधिकारी Vandana Vaidya और उनके परिवार का है। वंदना वैद्य वर्तमान में राज्य सरकार के वित्त विकास निगम में प्रबंध संचालक के पद पर कार्यरत हैं। मामला सामने आने के बाद वंदना वैद्य ने पुलिस को पत्र लिखकर कहा कि कुछ अज्ञात लोग उनके फार्म हाउस में अवैध रूप से घुस गए थे। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि इस दौरान चोरी की घटना भी हो सकती है। इस मामले में लापरवाही सामने आने के बाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।




