
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दर्शन में प्रदेश भर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार किसी भी निर्धन या जरूरतमंद छात्र की शिक्षा आर्थिक अभाव के कारण बाधित नहीं होने देगी। मुख्यमंत्री ने पुलिस की लापरवाही और अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतों पर भी सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बीटेक की पढ़ाई के लिए छात्रा को दिलाया भरोसा
जनता दर्शन में लखनऊ पहुंची एक छात्रा ने अपनी बुजुर्ग मां के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात की। छात्रा ने बताया कि उसने इंटरमीडिएट अच्छे अंकों से उत्तीर्ण किया है और वह बीटेक की पढ़ाई करना चाहती है, लेकिन आर्थिक कठिनाइयों के कारण आगे की शिक्षा में परेशानी आ रही है। मुख्यमंत्री ने छात्रा की मार्कशीट देखने के बाद उसे पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी और अधिकारियों को निर्देश दिया कि उसका प्रवेश लखनऊ के किसी अच्छे संस्थान में कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि आर्थिक तंगी किसी भी प्रतिभाशाली छात्र की शिक्षा में बाधा न बने। मुख्यमंत्री के आश्वासन से छात्रा और उसकी मां ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका आभार जताया।
पुलिस की हीलाहवाली और अवैध कब्जे की शिकायतों पर सख्ती
जनता दर्शन में विभिन्न जनपदों से पहुंचे लोगों ने पुलिस की लापरवाही और अवैध कब्जे से जुड़े मामलों में कार्रवाई न होने की शिकायत मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनने के बाद संबंधित अधिकारियों को शिकायत पत्र सौंपते हुए निर्देश दिया कि प्रत्येक मामले की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाया जाए और दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।
स्थानीय स्तर पर शिकायतों के निस्तारण पर दिया जोर
कुछ फरियादी ऐसे भी थे, जो सीधे जनता दर्शन में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि क्या उन्होंने पहले अपने जनपद या मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष समस्या रखी थी। इस पर कई लोगों ने बताया कि वे सीधे जनता दर्शन में आए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों से अपील की कि वे सबसे पहले अपनी समस्याएं जिला और मंडल स्तर के अधिकारियों के समक्ष रखें। उन्होंने कहा कि अनेक मामलों का समाधान स्थानीय स्तर पर ही संभव है, जिससे लोगों को अनावश्यक परेशानी नहीं होगी।
गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखने की सलाह
मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए लोगों से भीषण गर्मी को देखते हुए अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान मौसम में सावधानी बरतना जरूरी है और लोगों को आवश्यक होने पर ही यात्रा करनी चाहिए




