
नई दिल्ली : अमर कॉलोनी इलाके में एक 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। शुरुआती जांच में पुलिस को युवती के साथ यौन उत्पीड़न के बाद हत्या किए जाने की आशंका है। मृतका एक वरिष्ठ IRS अधिकारी की बेटी थी और इंजीनियरिंग पूरी करने के बाद UPSC की तैयारी कर रही थी।

घटना के समय युवती घर में अकेली थी, क्योंकि उसके माता-पिता सुबह जिम गए हुए थे। बताया जा रहा है कि हत्या गला दबाकर की गई, जिसमें मोबाइल चार्जर की तार का इस्तेमाल होने की आशंका है। यह घटना एक पॉश इलाके में हुई, जिससे आसपास के लोगों में भी सनसनी फैल गई है।पुलिस को घर के एक पूर्व घरेलू कर्मचारी राकेश मीणा पर शक है, जिसे करीब एक महीने पहले नौकरी से हटाया गया था। आशंका जताई जा रही है कि यौन उत्पीड़न की कोशिश का विरोध करने पर आरोपी ने युवती की हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर जांच में जुटे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

वहीं, दिल्ली के बुराड़ी इलाके में एक और शर्मनाक मामला सामने आया है, जहां 36 वर्षीय एक व्यक्ति को अपनी 67 वर्षीय मां के साथ कई बार दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी शराब के नशे में उसे बांधकर उसके साथ जबरदस्ती करता था।महिला ने यह भी बताया कि आरोपी पहले अपनी बेटी के साथ भी मारपीट कर चुका है। किसी तरह खुद को छुड़ाने के बाद महिला ने अपनी बेटी को पूरी घटना बताई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। FIR के अनुसार, पीड़िता घरेलू काम कर परिवार का पालन-पोषण करती है और अपने बेटे व 16 वर्षीय पोती के साथ रहती है।




