
दिल्ली के नांगलोई इलाके में 24 वर्षीय टीना की मौत का मामला सामने आने के बाद पुलिस कई पहलुओं से जांच कर रही है। महिला का शव उसके ससुराल स्थित घर में मिला। जांच के दौरान पुलिस को उसके मोबाइल फोन से एक वीडियो मिला है, जिसमें उसने अपने परिवार से अपनी परेशानियों का जिक्र किया है। वीडियो में टीना ने अपने माता-पिता और भाई-बहनों को संबोधित करते हुए अपनी बेटी के भविष्य को लेकर चिंता जताई। उसने अपने वैवाहिक जीवन, पारिवारिक विवाद और अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर भी अपनी बात रखी।
पुलिस के अनुसार, टीना की शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी और वह अपने पति के साथ नांगलोई में रह रही थी। दोनों की एक छोटी बेटी है। परिवार की ओर से आरोप लगाया गया है कि पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था और वैवाहिक जीवन में तनाव बना हुआ था। हालांकि, पुलिस के मुताबिक मृतका की मां के शुरुआती बयानों में दहेज की मांग को लेकर कोई औपचारिक आरोप दर्ज नहीं कराया गया है। चूंकि महिला की मौत शादी के सात साल के भीतर हुई है, इसलिए नियमानुसार मामले की जानकारी एसडीएम और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को दी गई और जांच शुरू की गई है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच एजेंसियां वीडियो, परिवार के बयान और अन्य परिस्थितियों के आधार पर यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि महिला किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और इस घटना तक पहुंचने की वजह क्या रही। पुलिस ने बताया कि मृतका का पति भी कुछ समय पहले हुए हादसे के बाद इलाज करा रहा है। फिलहाल मामले में संबंधित धाराओं के तहत जांच जारी है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।







