
नई दिल्ली: नई दिल्ली के गोकलपुरी इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक love triangle ने हिंसक रूप ले लिया। अपने प्रेमी की होने वाली दुल्हन से जलन के चलते 26 वर्षीय महिला ने उस पर तेजाब से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पीड़िता का इलाज जीटीबी अस्पताल में चल रहा है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है। घटना की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलने पर गोकलपुरी पुलिस स्टेशन की एक टीम इंदिरा विहार इलाके में घटनास्थल पर पहुंची, जहां पता चला कि पीड़िता को उसके परिवार वालों ने पहले ही गुरु तेग बहादुर (जीटीबी) अस्पताल में भर्ती करा दिया था।
जांच में पता चला कि पीड़िता का विवाह एक युवक से तय हो चुका था और शादी जल्द ही होने वाली थी। हालांकि, पुलिस ने बताया कि आरोपी महिला, जिसका कथित तौर पर उसी युवक से संबंध था, इस शादी के खिलाफ थी। पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘ईर्ष्या और गुस्से से प्रेरित होकर आरोपी ने पीड़िता पर तेजाब फेंककर हमला किया।’ पुलिस ने आगे बताया कि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता जीटीबी अस्पताल में इलाज करा रही है और उसकी हालत पर कड़ी नजर रखी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हमले से संबंधित अतिरिक्त जानकारी जुटाने के लिए आगे की जांच जारी है। पुलिस अपराध में इस्तेमाल किए गए तेजाब के स्रोत की भी जांच कर रही है।




