
भाेपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डाॅ माेहन यादव ने आज (शनिवार काे) वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप और स्वतंत्रता सेनानी गोपाल कृष्ण गोखले की जयंती पर उन्हें नमन किया।
मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने साेशल मीडिया एक्स पर पाेस्ट करते हुए महाराणा प्रताप काे जयंती पर नमन करते हुए लिखा- अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति अखंड समर्पण के प्रतीक, ‘वीर शिरोमणि’ महाराणा प्रताप जी की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। हल्दी घाटी की पावन धरा आज भी उनके पराक्रम, शौर्य और राष्ट्रभक्ति की अमर गाथा सुनाती है। महाराणा प्रताप का जीवन हमें यह प्रेरणा देता है कि राष्ट्र के गौरव के लिए दृढ़ संकल्प और कर्तव्यनिष्ठा के साथ हर परिस्थिति में अडिग रहना चाहिए।
एक अन्य संदेश के माध्यम से समाज सुधारक गोपाल कृष्ण गोखले काे जयंती पर याद करते हुए सीएम डाॅ यादव ने लिखा – मां भारती के अमर सपूत, महान समाज सुधारक और शिक्षाविद गोपाल कृष्ण गोखले जी की जयंती पर सादर नमन। उन्होंने देश की आजादी के साथ ही शिक्षा और समाज सुधार के लिए आजीवन संघर्ष किया। उनके जीवन से राष्ट्रीय पुनर्निर्माण के लिए अथाह प्रेरणा मिलती है।







