
रायपुर : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय अंडर-18 हॉकी टीम के खिलाड़ी अवि मानिकपुरी ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम की ऐतिहासिक सफलता में अहम योगदान देने पर अवि मानिकपुरी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर लगातार प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि अवि की उपलब्धि प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा है और यह दर्शाती है कि सही अवसर और मजबूत संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ की प्रतिभाएं वैश्विक स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि अवि आने वाले समय में भारतीय हॉकी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएंगे।मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल अधोसंरचना के विकास और संसाधनों की उपलब्धता से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिल रहा है।
गौरतलब है कि बिलासपुर निवासी अवि मानिकपुरी ने हाल ही में जापान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया और टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस सफलता में अवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।इस अवसर पर छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष फिरोज अंसारी, महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी मृणाल चौबे भी उपस्थित रहे।







