
रायपुर : छत्तीसगढ़ में आज से विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होने जा रहा है। यह सत्र 17 जुलाई तक चलेगा, जिसके दौरान कुल 5 बैठकें आयोजित की जाएंगी। छत्तीसगढ़ विधानसभा पांच दिवसीय इस सत्र के पहले ही दिन से बेहद हंगामेदार शुरुआत होने की संभावना जताई जा रही है, क्योंकि विपक्ष कई बड़े मुद्दों को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोलने की तैयारी में है।

9 महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक सदन में होंगे पेश
इस मानसून सत्र में जहां सरकार अपनी ओर से 9 महत्वपूर्ण संशोधन विधेयक सदन में पेश करने जा रही है, वहीं दूसरी तरफ विपक्षी दल कांग्रेस विभिन्न जनहित के मुद्दों को लेकर सरकार को पूरी तरह घेरने के मूड में है।

छत्तीसगढ़ विधानसभा पांच दिवसीय सत्र के दौरान किसानों से जुड़ी समस्याओं, राज्य की कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति और नवा रायपुर के नकटी गांव में हुए हालिया विवाद पर भारी हंगामे के आसार हैं। सत्र को लेकर विपक्ष की तैयारी देखकर ये अंदाजा लगाया जा सकता है की वे इस बार सरकार के खिलाफ ‘अविश्वास प्रस्ताव’ लाने की भी पूरी तैयारी कर रहे हैं।




