CG News: बारिश ने बिगाड़ा ट्रेनों का टाइमटेबल, रायपुर आने वाली कई गाड़ियां घंटों प्रभावित

रायपुर। Train Late Today: छत्तीसगढ़ में मौसम का असर अब रेल यात्रियों के सफर पर भी पड़ने लगा है। लगातार बारिश के बीच रायपुर रेल मंडल से गुजरने वाली कई ट्रेनों की रफ्तार प्रभावित हुई है। शुक्रवार को अलग-अलग रूट से रायपुर आने वाली कई गाड़ियां तय समय से काफी पीछे चलती नजर आईं। लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ लोकल सेवाओं में भी देरी के कारण यात्रियों को रेलवे स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ा।

रायपुर पहुंचने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के समय में काफी अंतर देखने को मिला। समता एक्सप्रेस करीब 3 घंटे, जबकि पुरी-अहमदाबाद एक्सप्रेस लगभग 2 घंटे 45 मिनट देर से पहुंची। इसी तरह दुर्ग-पुरी एक्सप्रेस करीब 3 घंटे 45 मिनट और विशाखापट्टनम-दुर्ग एक्सप्रेस लगभग 2 घंटे की देरी से रायपुर आई।

बारिश के कारण ट्रेनों के परिचालन में आ रही देरी का असर यात्रियों के पूरे सफर पर पड़ रहा है। खासकर उन यात्रियों की परेशानी ज्यादा बढ़ गई है, जिन्हें आगे दूसरी ट्रेन या किसी अन्य साधन से यात्रा करनी है।

दुर्ग से रायपुर के बीच चलने वाली लोकल ट्रेनों को भी कई बार आउटर पर रोककर आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके चलते कम दूरी की यात्रा में भी यात्रियों को सामान्य से काफी ज्यादा समय लग रहा है। यात्रियों का कहना है कि ट्रेन समय पर चलने के बावजूद बीच रास्ते में रुकने से रायपुर पहुंचने में काफी देरी हो रही है।

अंबिकापुर एक्सप्रेस को लेकर भी यात्रियों की परेशानी कम नहीं हो रही है। ट्रेन का रायपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह करीब 8:30 बजे है, लेकिन पिछले करीब एक महीने से इसके कई फेरे 3 से 4 घंटे की देरी से पहुंचने की जानकारी सामने आ रही है।

इसका असर वापसी यात्रा पर भी पड़ रहा है। ट्रेन के देर से चलने के कारण अंबिकापुर में यात्रियों को देर रात तक इंतजार करना पड़ रहा है। कई यात्रियों को रात 12 से 1 बजे तक ट्रेन का इंतजार करने की स्थिति बन रही है।

शुक्रवार को दोपहर से शाम के बीच रायपुर पहुंचने वाली कई ट्रेनों की स्थिति भी प्रभावित रही। कुछ ट्रेनें रास्ते में आगे बढ़ने के साथ लगातार लेट होती चली गईं।

संपर्क क्रांति एक्सप्रेस इसका एक उदाहरण रही। दुर्ग से निकलने के बाद ट्रेन रायपुर पहुंचने के दौरान करीब 9 मिनट पीछे थी। आगे भाटापारा में देरी बढ़कर 29 मिनट और उसलापुर में 31 मिनट हो गई। पेंड्रारोड तक पहुंचते-पहुंचते ट्रेन करीब 1 घंटे 40 मिनट लेट हो चुकी थी, जबकि शहडोल पहुंचने पर देरी 2 घंटे 3 मिनट तक पहुंच गई।

वहीं साउथ बिहार एक्सप्रेस दुर्ग से अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई, लेकिन रायपुर पहुंचते-पहुंचते करीब 5 मिनट की देरी हो गई। आगे तिल्दा में यह अंतर 31 मिनट और सक्ती तक पहुंचने पर करीब 1 घंटे 12 मिनट हो गया।

शहडोल रूट से रायपुर आने वाली ट्रेनों की स्थिति भी यात्रियों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है। सारनाथ एक्सप्रेस और अमरकंटक एक्सप्रेस समेत करीब आधा दर्जन ट्रेनें लंबे समय से देरी से चलने की जानकारी सामने आ रही है।

अमरकंटक एक्सप्रेस के रायपुर पहुंचने में भी रोजाना करीब 3 घंटे तक की देरी बताई जा रही है। ऐसे में यात्री ट्रेन के निर्धारित समय के हिसाब से स्टेशन पहुंचते हैं, लेकिन गाड़ी समय पर नहीं आने के कारण उन्हें प्लेटफॉर्म पर घंटों रुकना पड़ रहा है।

दुर्ग और बिलासपुर से ट्रेनों के समय पर रवाना होने के बाद भी रायपुर पहुंचने तक उनके परिचालन में देरी देखी जा रही है। लोकल ट्रेनों के मामले में भी 1 से 2 घंटे तक का विलंब सामने आ रहा है। लगातार बारिश के बीच ट्रेनों के प्रभावित परिचालन ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है।

About The Author