
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण के मतदान के दौरान मुर्शिदाबाद जिले के नौदा विधानसभा क्षेत्र में हिंसा की गंभीर घटना सामने आई। मतदान के बीच अचानक देसी बम फेंके जाने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाकों की आवाज से मतदाताओं में दहशत फैल गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। इस भगदड़ में कई लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना मतदान केंद्र के पास एक व्यस्त रास्ते पर हुई, जहां बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंच रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अज्ञात हमलावरों ने एक के बाद एक कई देसी बम फेंके, जिससे आसपास धुआं फैल गया और पूरा इलाका दहल उठा। घायल लोगों की चीख-पुकार और सड़क पर फैले खून के निशान ने माहौल को और भयावह बना दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावर सुनियोजित तरीके से मौके पर पहुंचे थे और उन्होंने उस समय हमला किया, जब मतदान अपने चरम पर था। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस हमले का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने चुनावी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




