
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर तेजी से उभरे व्यंग्यात्मक संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के X (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट को भारत में ब्लॉक कर दिया गया है। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब यह संगठन कुछ ही दिनों में इंटरनेट पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया था। हालांकि X पर प्रतिबंध लगने के बावजूद इंस्टाग्राम पर इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और इसके फॉलोअर्स की संख्या 1.3 करोड़ से अधिक पहुंच चुकी है।CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर स्क्रीनशॉट साझा करते हुए बताया कि उनका X हैंडल भारत में रोक दिया गया है। अब @CJP_2029 सर्च करने पर ‘Account Withheld’ का संदेश दिखाई दे रहा है। प्लेटफॉर्म की ओर से बताया गया है कि यह कार्रवाई कानूनी मांग के तहत केवल भारत में लागू की गई है।

इस व्यंग्यात्मक मंच ने सोशल मीडिया पर बेहद कम समय में बड़ी पहचान बनाई। इंस्टाग्राम पर इसके फॉलोअर्स की संख्या भारतीय जनता पार्टी के आधिकारिक अकाउंट से भी आगे निकल गई। जहां BJP के करीब 88 लाख फॉलोअर्स हैं, वहीं CJP ने कुछ ही दिनों में 13.5 मिलियन का आंकड़ा पार कर लिया।दरअसल, इसकी शुरुआत एक न्यायिक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर उठे विवाद के बाद हुई। इंटरनेट पर यह धारणा बनी कि बेरोजगार युवाओं की तुलना ‘कॉकरोच’ और ‘परजीवी’ जैसे शब्दों से की गई है। इसी के विरोध और व्यंग्य के तौर पर अभिजीत दिपके ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ नाम से डिजिटल अभियान शुरू किया।यह मंच खुद को बेरोजगार और व्यवस्था से निराश युवाओं की आवाज बताता है। लॉन्च के पहले 24 घंटे में ही हजारों लोगों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया और देखते ही देखते यह सोशल मीडिया पर बड़े ट्रेंड में बदल गया।





