
भोपाल : समर्थ सिंह को भोपाल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी समर्थ सिंह को जबलपुर पुलिस ने हिरासत में लेने के बाद भोपाल पुलिस के हवाले कर दिया था। शनिवार को उसे भोपाल लाया गया, जहां दोपहर तक कोर्ट में पेश किए जाने की तैयारी है। पुलिस अब अदालत से सात दिन की रिमांड मांगने वाली है।समर्थ सिंह शुक्रवार को जबलपुर जिला अदालत में सरेंडर करने पहुंचा था। वह 12 मई से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस भी जारी किया था।
बताया जा रहा है कि समर्थ सिंह के वकील ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका वापस ले ली थी। इसके बाद समर्थ के पास आत्मसमर्पण करने के अलावा कोई दूसरा रास्ता नहीं बचा था। कोर्ट में पेश होने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।पेशे से वकील समर्थ सिंह पर ट्विशा शर्मा की मौत के बाद से लगातार गिरफ्तारी का दबाव बढ़ रहा था। इस बीच बार काउंसिल ने उसका वकालत लाइसेंस भी रद्द कर दिया है। जबलपुर कोर्ट में उसके पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई और उसे ओमती थाने ले जाकर भोपाल पुलिस को सौंप दिया गया।सरेंडर के दौरान अदालत परिसर में काफी गहमागहमी भी देखने को मिली। ट्विशा के परिवार की ओर से मौजूद वकीलों ने यह कहते हुए विरोध जताया कि हाई कोर्ट के आदेश के अनुसार समर्थ को सीधे भोपाल जिला अदालत या जांच अधिकारी के सामने आत्मसमर्पण करना चाहिए था।




