
सिलीगुड़ी : सुकना में आयोजित एक चुनावी सभा में केंद्रीय गृहमंत्रीअमित शाह ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि यदि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो छह महीने के भीतर गोरखा समस्या का स्थायी समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि यह समाधान गोरखा समाज की इच्छा और सहमति के अनुसार होगा, जिससे पहाड़ के लोगों के जीवन में स्थिरता और खुशहाली आएगी।

उन्होंने दार्जिलिंग, कर्सियांग और कालिम्पोंग विधानसभा क्षेत्रों के भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि इस बार बंगाल में परिवर्तन तय है और जनता ममता सरकार को विदाई देने का मन बना चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहाड़ के लोगों और गोरखा समुदाय के साथ अन्याय हुआ है और अब लोग इस सरकार से छुटकारा चाहते हैं। अमित शाह ने कहा कि यह चुनाव केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि तृणमूल कांग्रेस सरकार से मुक्ति का चुनाव है। उन्होंने गोरखालैंड टेरिटोरियल एडमिनिस्ट्रेशन (GTA) में भ्रष्टाचार के आरोपों की भी चर्चा की और कहा कि भाजपा सरकार बनने पर इन मामलों की जांच कराई जाएगी।

उन्होंने यह भी वादा किया कि पहाड़ में आंदोलन के दौरान गोरखा समुदाय पर दर्ज सभी केस वापस लिए जाएंगे। साथ ही ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गोरखा और आदिवासी क्षेत्रों के विकास के लिए 2000 करोड़ रुपये का बजट दिया जाता है, जबकि मुस्लिम और मदरसा मद में 5800 करोड़ रुपये खर्च किए जाते हैं।





