
देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच जहां एक ओर मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है, तो दूसरी ओर उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। ऐसे में मौसम विभाग ने यूपी, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, बिहार, केरल, तमिलनाडु समेत 17 राज्यों में 13 जून को आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही ओलावृष्टि होने की भी संभावना है। वहीं 12-13 जून के दौरान तेलंगाना और पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में 12 से 16 जून के दौरान विदर्भ के कुछ इलाकों में हीटवेव चल सकती है।

IMD के लेटेस्ट अपडेट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और बिहार के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ गया है। अगले 2-3 दिनों में इसके उत्तर प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों तक पहुंचने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं।
आईएमडी के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 13 जून तक उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का दौर जारी रहेगा। 13 जून को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में तेज आंधी, गरज-चमक, ओलावृष्टि और 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। वहीं उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।




