
उत्तर प्रदेश : प्रतापगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां चार दिन से लापता पूर्व प्रधान का शव बोरी में बंद हालत में नहर से बरामद हुआ। इस हत्याकांड में प्रेम संबंध का एंगल सामने आया है, जिसमें एक महिला समेत तीन लोगों पर हत्या का आरोप लगा है।मृतक की पहचान 50 वर्षीय गुलहसन उर्फ मुन्ना के रूप में हुई है, जो मानधाता थाना क्षेत्र के मिश्रपुर मुस्तरका गांव के पूर्व प्रधान थे। वह 18 मार्च को बाइक से बाजार के लिए निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। दो दिन तक कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई।जांच के दौरान तीसरे दिन उनकी बाइक, चाबी और हेलमेट मऊआइमा के महरोड़ा इलाके में मिले, जिसके बाद पुलिस ने तलाश तेज कर दी।

मोबाइल कॉल डिटेल और परिवार के शक के आधार पर पुलिस ने सुमन देवी नाम की महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली। महिला ने बताया कि मृतक उसे लगातार परेशान कर रहा था और ब्लैकमेल भी कर रहा था। इससे छुटकारा पाने के लिए उसने अपने भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।बताया गया कि 18 मार्च की रात गुलहसन महिला से मिलने जेठवारा बगियापुर पहुंचा था, जहां तीनों ने मिलकर उस पर रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को उर्वरक की बोरी में भरकर शारदा सहायक नहर में फेंक दिया गया।रविवार सुबह सुमेरपुर के पास नहर में बोरी में शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।मृतक के परिवार की बात करें तो उन्होंने दो शादियां की थीं और दोनों पत्नियों से उनके कुल 18 बच्चे हैं। पूरा परिवार एक साथ रहता था। घटना के बाद गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, पहले दर्ज गुमशुदगी के मामले को अब हत्या में बदल दिया गया है। महिला से पूछताछ जारी है, जबकि अन्य दो आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।



