
मैहर। मध्यप्रदेश के मैहर स्थित मां शारदा देवी धाम में आयोजित होने वाले नवदिवसीय चैत्र नवरात्र मेले को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार मेले में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को विशेष रूप से सुदृढ़ किया गया है।
कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्रीमती रानी बाटड के निर्देश पर विभिन्न प्रमुख स्थलों पर 14 कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जो निर्धारित पालियों में अपने सहयोगी कर्मचारियों के साथ मुस्तैदी से ड्यूटी निभाएंगे। मेले की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जाएगा, साथ ही सीसीटीवी कंट्रोल रूम से भी लगातार नजर रखी जाएगी।
प्रशासन ने इस बार व्यवस्था में बदलाव करते हुए वीआईपी दर्शन पर पूरी तरह रोक लगा दी है। साथ ही श्रद्धालुओं का गर्भगृह में प्रवेश भी प्रतिबंधित रहेगा, ताकि भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
रोपवे कंट्रोल रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, मंदिर प्रांगण, सीढ़ी मार्ग, व्हीआईपी चैनल गेट और मेला क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिससे पूरे क्षेत्र में निगरानी और नियंत्रण प्रभावी रूप से सुनिश्चित किया जा सके।
वहीं, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी सक्रिय है। उपनिरीक्षक विक्रम पाठक ने ऑटो चालकों की बैठक लेकर उन्हें श्रद्धालुओं के साथ विनम्र व्यवहार करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग और ओवरटेकिंग से बचने की सख्त हिदायत दी गई है। रीवा और कटनी से आने वाले ऑटो वाहनों को शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी, उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि नवरात्र मेला शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।







