
केरल के एर्नाकुलम में विकास परियोजनाओं के शुभारंभ के दौरान बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा आज दुनिया आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे निवेश के लिए भारत की भूरी-भूरी प्रशंसा करती है। इस वर्ष जो केंद्र सरकार का बजट आया है, उसमें भी इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए रिकॉर्ड फंड रखा गया है। इंफ्रास्ट्रक्चर पर हो रहे इस निवेश का बहुत अधिक फायदा केरलम को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन स्कीम के तहत शोरनूर जंक्शन, कुट्टि-पुरम और चंगनासेरी रेलवे स्टेशनों को आधुनिक बनाया गया है। इसके साथ ही शोरनूर–नीलांबुर रेल लाइन के एक बड़े सेक्शन का विद्युतीकरण भी पूरा किया गया है। आज पालक्कड़–पोल्लाच्ची ट्रेन सेवा की शुरुआत भी हुई है। इससे केरलम और तमिलनाडु, दोनों राज्यों के लोगों को और अधिक सुविधा होगी।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए, मेक इन इंडिया के लिए पेट्रोलियम सेक्टर का विस्तार बहुत आवश्यक है। आज कोच्चि रिफाइनरी में पॉली-प्रोपाइलीन यूनिट के शिलान्यास के पीछे भी यही लक्ष्य है। इस यूनिट से हर साल लगभग चार लाख टन पॉली-प्रोपाइलीन का प्रोडक्शन होगा। आने वाले समय में ये प्लांट पैकेजिंग, वस्त्र, ऑटोमोबाइल, चिकित्सा उपकरण, ऐसी अनेक इंडस्ट्रीज को सपोर्ट करेगा।
उन्होंने कहा, “भारत आज मैन्युफैक्चरिंग का बहुत बड़ा हब बनता जा रहा है। AI और सेमीकंडक्टर सेक्टर में भी देश तेज़ी से प्रगति कर रहा है। ऐसे हर काम के लिए, ज्यादा एनर्जी चाहिए, ज्यादा से ज्यादा ग्रीन और क्लीन एनर्जी की आवश्यकता है। और भारत सोलर पावर के मामले में दुनिया के टॉप के देशों में से एक बन चुका है। हमारा प्रयास है कि केरलम भी सोलर पावर जनरेशन में और आगे बढ़े। इसी मकसद से आज वेस्ट कल्लाडा, उसमें 50 मेगावाट के फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट की आधारशिला रखी गई है। केरलम में तो बहुत बड़ी संख्या में वॉटर बॉडीज़ हैं। इसलिए, यहां फ्लोटिंग सोलर पावर क्षेत्र में बहुत पोटेंशियल भी है।
पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज केरलम के कई महत्वपूर्ण रोड प्रोजेक्ट्स की भी शुरुआत हुई है। सिक्स लेन की सड़क बनने से अलीक्क्ल पोर्ट की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। सिक्स लेन के कोज़िकोड बायपास से जाम की समस्या कम होगी और इससे ट्रैवल टाइम भी बहुत बच सकेगा। इन सारे प्रोजेक्ट्स से केरलम के किसानों को लाभ होगा, यहां टूरिज्म और दूसरी इंडस्ट्री को बल मिलेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगने वाला हर रुपया, नए रोजगार का सृजन करता है। ये जितने भी प्रोजेक्ट्स हैं, इनसे केरलम के हज़ारों नौजवानों को नए रोजगार मिलने वाले हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि ये सभी प्रोजेक्ट विकसित केरलम के हमारे संकल्प को सिद्ध करने में अहम भूमिका निभाएंगे।




