
बलरामपुर: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की खेती का मामला सामने आने के बाद अब बलरामपुर जिले में भी ऐसा ही मामला उजागर हुआ है। मंगलवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 5 एकड़ खेत में लगी अफीम की फसल बरामद की। यह खेती कुसमी थाना क्षेत्र के त्रिपुरी के सरनाटोली गांव के पास जंगल किनारे की जा रही थी।

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने पाया कि अफीम की फसल पूरी तरह तैयार थी और डोडों पर चीरा भी लगाया गया था, जिससे साफ संकेत मिलता है कि उससे अफीम निकालने की प्रक्रिया चल रही थी। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद कुसमी एसडीओपी आशीष कुंजाम के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची और फसल को जब्त कर लिया। फिलहाल खेत के मालिक और अफीम की खेती करने वालों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।
लीज पर लेकर की जा रही थी खेती–
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ बाहरी लोगों ने खेत को लीज पर लेकर यहां अफीम की खेती शुरू की थी। हालांकि अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जमीन किसके नाम पर है और उसे लीज पर किसने लिया था।मौके से पुलिस ने बड़ी मात्रा में सूखे अफीम के डोडे भी बरामद किए हैं, जिनमें खसखस भरे हुए थे। एसडीओपी आशीष कुंजाम ने बताया कि पूरे क्षेत्र को फिलहाल सील कर दिया गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।






