
नई दिल्ली : भारत–अमेरिका व्यापार समझौते पर सहमति और टैरिफ में 18 फीसदी कटौती के असर से शेयर बाजार के बाद अब कमोडिटी बाजार में भी तेजी देखने को मिली है। लगातार पांच कारोबारी दिनों की गिरावट के बाद आज सर्राफा बाजार में सोना और चांदी दोनों की कीमतों में जोरदार उछाल दर्ज किया गया।

सोने के दाम में करीब 8,246 रुपये की बढ़ोतरी हुई, जिससे 10 ग्राम सोने का भाव बढ़कर 1,49,939 रुपये पर पहुंच गया। वहीं चांदी की कीमतों में 14.28 फीसदी की तेजी दर्ज की गई और इसके भाव में 33,732 रुपये का उछाल आया। इसके साथ ही चांदी की कीमत 2,69,993 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई।

इससे पहले 2 फरवरी को सोना-चांदी की कीमतों में भारी गिरावट देखी गई थी। चांदी लगातार तीसरे दिन टूटकर 52,000 रुपये गिर गई थी और इसका भाव 2.60 लाख रुपये प्रति किलो रह गया था। पिछले तीन सत्रों में चांदी अपने 29 जनवरी के उच्चतम स्तर से करीब 36 फीसदी फिसल चुकी थी। वहीं 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 12,800 रुपये सस्ता होकर 1,52,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया था।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं में तेजी का रुख देखने को मिला। कॉमेक्स पर सोने की कीमत करीब 3 फीसदी या 137 डॉलर बढ़कर 4,789 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई। वहीं चांदी में और भी तेज उछाल देखने को मिला और यह 5.81 फीसदी की बढ़त के साथ 81 डॉलर प्रति औंस के पार कारोबार करती नजर आई।




