
नई दिल्ली: फरवरी की शुरुआत के बावजूद देश के कई हिस्सों में ठंड अभी थमने के आसार नहीं हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में बारिश और तेज हवाओं के कारण सर्दी का असर और बढ़ सकता है। मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि 14 फरवरी तक ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है।IMD ने उत्तर भारत के 7 राज्यों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है, जबकि 2 अन्य राज्यों को भी इसमें शामिल किया गया है। इस तरह कुल 9 राज्यों में मौसम बिगड़ने की चेतावनी दी गई है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और महाराष्ट्र शामिल हैं।

इसके साथ ही देश के 21 जिलों में शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है। पहाड़ी इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है, जिससे तापमान और गिर सकता है। मौसम विभाग ने 2 और 3 फरवरी को उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज बारिश और खराब मौसम की चेतावनी दी है। IMD के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 2 और 3 फरवरी को 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। वहीं मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भी 2 फरवरी को तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन सुबह के समय तेज हवाओं के साथ घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, राजधानी में आज अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होने की संभावना है।उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज, लखनऊ, रायबरेली, सोनभद्र, ललितपुर, कानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, चंदौली और बाराबंकी जिलों में येलो अलर्ट लागू है। IMD के अनुसार, प्रदेश में 14 फरवरी तक ठंड का असर बिहार में आज मौसम साफ रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के किसी भी जिले में बारिश की चेतावनी नहीं दी है। IMD के मुताबिक, 5 फरवरी तक मौसम सामान्य बना रहेगा।

वहीं छत्तीसगढ़ में ठंड धीरे-धीरे कम होने लगी है। दिन के तापमान में बढ़ोतरी के कारण दोपहर में हल्की गर्मी महसूस की जा रही है। राज्य में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है।मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों में तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बीते 24 घंटों में रायपुर में अधिकतम तापमान 31.5 डिग्री, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में सुबह हल्की धुंध रह सकती है और तापमान 31 से 17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।





