
नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया सोमवार से औपचारिक रूप से शुरू हो गई। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र दाखिल किए। नबीन के नामांकन पत्र पार्टी के लिए नियुक्त रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण को सौंपे गए।

सूत्रों के मुताबिक नितिन नबीन के नामांकन का समर्थन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने किया है। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, भूपेंद्र यादव और किरेन रिजिजू जैसे दिग्गज नेता भी मौजूद रहे।

पीटीआई के अनुसार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं ने भी नबीन के समर्थन में नामांकन पत्र जमा किए। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, हरियाणा के नायब सिंह सैनी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। बिहार, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, झारखंड सहित अन्य राज्यों से भी नबीन को व्यापक समर्थन मिला है।

पार्टी सूत्रों का कहना है कि 45 वर्षीय नितिन नबीन के भाजपा के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में निर्विरोध चुने जाने की प्रबल संभावना है। उन्हें प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का भरोसा प्राप्त है। उल्लेखनीय है कि बिहार से पांच बार विधायक रह चुके नबीन को दिसंबर 2025 में पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। औपचारिक घोषणा कल किए जाने की संभावना है।




