लता मंगेशकर की जयंती पर पीएम मोदी ने किया नमन, संगीत में योगदान को किया याद

नई दिल्ली। स्वर कोकिला लता मंगेशकर की जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लता दीदी को याद करते हुए भारतीय संगीत में उनके योगदान को आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य बताया। उन्होंने कहा कि लता मंगेशकर ने अपनी आवाज से देश की पहचान को दुनियाभर में पहुंचाया और देश से जुड़ी विभिन्न पहलों को भी हमेशा प्रोत्साहित किया।

लता मंगेशकर और नरेंद्र मोदी के बीच लंबे समय तक आत्मीय संबंध रहा। दोनों एक-दूसरे को ‘नरेंद्र भाई’ और ‘दीदी’ कहकर संबोधित करते थे और लता मंगेशकर हर साल रक्षाबंधन पर प्रधानमंत्री को राखी भेजती थीं। लता मंगेशकर का जन्म 28 सितंबर 1929 को इंदौर में हुआ था। संगीत की शुरुआती शिक्षा उन्हें अपने पिता पंडित दीनानाथ मंगेशकर से मिली। 13 वर्ष की उम्र में उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा और आगे चलकर भारतीय पार्श्वगायन की प्रमुख आवाजों में शामिल हुईं। 6 फरवरी 2022 को उनका निधन हुआ। उनकी आवाज और संगीत की विरासत आज भी श्रोताओं के बीच कायम है।

About The Author