28 सितंबर की रात रायपुर में निकलेगी गणेश विसर्जन झांकी, सुरक्षा को लेकर निगम ने कसी कमर; जर्जर भवनों पर होगी खास निगरानी …

रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी को लेकर नगर निगम ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। 28 सितंबर की रात निकलने वाली झांकी के रूट में सदर बाजार और सत्ती बाजार के कई पुराने व जर्जर भवन शामिल हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए निगम की टीम ने इन इलाकों का निरीक्षण कर भवनों की स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने संबंधित मकान मालिकों से झांकी से पहले, झांकी वाले दिन और उसके अगले दिन तक जर्जर भवनों को बंद रखने की अपील की है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना की आशंका को कम किया जा सके।

जर्जर भवनों के सामने लगेंगी बैरिकेडिंग, पुलिस भी रखेगी नजर

निगम प्रशासन ने तय किया है कि भवन मालिकों के तीन दिनों के लिए मकान खाली करने के बाद संबंधित जगहों पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी। इसका मकसद झांकी देखने पहुंचने वाले लोगों को जर्जर इमारतों के आसपास जमा होने से रोकना है। खासतौर पर भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में पुलिस की निगरानी भी रहेगी। निगम ने भवन मालिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और निर्धारित अवधि में जर्जर मकानों को बंद रखें।

About The Author