नकली लॉरेंस बिश्नोई पकड़ाया,रायपुर के पूर्व मेयर को सगे भतीजे शोएब ढेबर ने किया 50 करोड़ की फिरौती का कॉल,गिरफ्तार…

रायपुर : कमिश्नरेट पुलिस ने रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर के सगे भतीजे शोएब ढेबर को बीती रात गिरफ्तार कर लिया है,मामला परिजनों से ही 50 करोड़ की फिरौती वसूलने के मंसूबो से बताया जाता है | हाल ही में पूर्व मेयर को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के लिए फ़ोन कॉल आया था,मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए,पुलिस ने अपनी तहकीकात शुरू की | हफ़्ते भर की कड़ी विवेचना के बाद पुलिस ने अब बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, इस सनसनीखेज मामले में कोई असली लॉरेंस बिश्नोई गैंगस्टर नहीं,बल्कि पूर्व मेयर एजाज ढेबर का सगा भतीजा शोएब ढेबर ही मास्टर माइंड निकला |

कई डिजिटल सबूत खंगालने के बाद रायपुर पुलिस ने आखिरकार आधी रात महफूज़ ठिकाने में छिपे शोएब ढेबर को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व मेयर को परिजनों के द्वारा ही ठगे जाने के मामलों को लेकर पुलिस ने भी हैरानी जताई है, उसकी कारगर विवेचना सुर्ख़ियों में है | पुलिस अब यह पता लगा रही है,कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर फिरौती वसूली का खेल सिर्फ़ पूर्व मेयर के परिजनों तक ही सीमित है,या फिर प्रदेश के अन्य उद्योगपतियों और कारोबारियों को भी इसी तरह से फ़ोन कॉल कर धमकाया जाता था |

जानकारी के मुताबिक,हफ़्तेभर पहले रायपुर के ढेबर परिवार (पूर्व मेयर एजाज ढेबर और अनवर ढेबर) को एक विदेशी नंबर से कॉल कर
लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकाया गया था | पूर्व मेयर को कॉल करने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए सीधे 50 करोड़ रुपये की मांग की थी और पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। सूत्रों के मुताबिक,पीड़ित एजाज़ ढेबर की ओर से शिकायत मिलने के बाद रायपुर पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस और साइबर सेल की मदद से जांच शुरू की, तो अपराध की कड़ियां सीधे ढेबर परिवार के ही एक सदस्य से जाकर जुड़ती प्रतीत हुई |

 पुलिस सूत्र तस्दीक कर रहे है,कि पूर्व मेयर एजाज़ ढेबर की करोड़ों के कमाई के मद्देनजर भतीजे ने फिरौती की रकम 50 करोड़ तय की थी, यह भी बताया जाता है,कि स्थानीय कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा को भी कुछ माह पूर्व लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 25 करोड़  फिरौती जाने का फ़ोन भी शोएब ढाबर द्वारा किया गया था | विवेचना के दौरान कई ऐसे तथ्य सामने आए है,जिससे पता चलता है,कि  लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर चूना लगाने के लिए स्थानीय स्तर पर नेटवर्क एक्टिव मोड़ पर है | पुलिस ने अपनी विवेचना का दायरा बढ़ाते हुए,इस वसूली गैंग की कुंडली खंगालना शुरू कर दिया है | 

जाँच अधिकारियों को उस वक़्त हैरानी हुई,जब डिजिटल सबूतों ने शोएब ढेबर के खेल का पर्दाफाश कर दिया | यह भी बताया जाता है,कि सगे भतीजे ने ही साज़िश रचकर फिरौती के लिए मुस्तैदी दिखाते हुए नकली गैंगस्टर बनकर पूर्व मेयर को धमकाया था | पुलिस ने यह भी अंदेशा जाहिर किया है,कि फिरौती वसूली के इस खेल में शोएब ढेबर के अलावा उसके कुछ करीबी साथी भी शामिल हो सकते है | घटना को लेकर पुलिस की तफ़्तीश जारी है, परिजनों से ही मोटी रकम वसूलने के इस मामले को लेकर गिरफ़्तार आरोपी से पूछताछ जारी है | सूत्र तस्दीक कर रहे है,कि जल्द ही आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड में पूछताछ की जाएगी |

About The Author