खारून के उफान में डूबा महादेवघाट पुल, 12 साल बाद फिर बनी ऐसी स्थिति …

छत्तीसगढ़ में लगातार 36 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश ने रायपुर में हालात बिगाड़ दिए हैं। खारून नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद महादेवघाट पुल पूरी तरह जलमग्न हो गया है। पुल के ऊपर करीब दो फीट पानी बह रहा है। बताया जा रहा है कि करीब 12 साल बाद यहां ऐसी स्थिति बनी है, जब पुल के ऊपर से पानी बह रहा है।

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुलिस ने महादेवघाट पुल पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी है। वहीं, अमलेश्वर-पाटन मार्ग पर पानी भरने से रायपुर से इस रूट का संपर्क भी प्रभावित हुआ है। भारी बारिश के कारण इंद्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-2, भाटागांव, प्रोफेसर कॉलोनी और काठाडीह BSUP कॉलोनी समेत शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। एहतियात के तौर पर कुछ प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बंद की गई है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी है। निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए SDRF की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी और नालों के आसपास जाने से बचने तथा जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है।

About The Author