मरकाटोला घाट में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक की चपेट में आया डीजे वाहन; 6 की मौत, 5 घायल …

बालोद : – मरकाटोला घाट में शुक्रवार को बारिश के बीच NH-30 पर बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े डीजे वाहन को पीछे से आए गेहूं से लदे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक डीजे वाहन को काफी दूर तक घसीटता ले गया। हादसे में 6 लोगों की मौत की सूचना है, जबकि 5 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। एक व्यक्ति के ट्रक के नीचे फंसे होने की भी जानकारी सामने आई है।

दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने राहत-बचाव शुरू करते हुए घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा। सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस, पेट्रोलिंग टीम और ट्रैफिक अमला मौके पर पहुंच गया। हादसे के कारण हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। बताया जा रहा है कि मरकाटोला घाट में रात से ही भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड हो रही थी। पहाड़ी से पत्थर और मलबा सड़क पर गिरने के कारण पहले से ही आवाजाही बाधित थी। इसी दौरान यह दुर्घटना हो गई। पुलिस ने मौके पर व्यवस्था संभालते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है, जबकि मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

About The Author