तालाबों में नहीं होगा गणेश प्रतिमा विसर्जन, रायपुर में 43 अस्थायी कुंड तैयार …

रायपुर : – राजधानी में गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर प्रशासन ने नई व्यवस्था लागू की है। तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब, खारून नदी समेत अन्य सामान्य तालाबों में सीधे प्रतिमा विसर्जन पर प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान की कार्रवाई की जाएगी। छोटी और मध्यम प्रतिमाओं के लिए शहर में 43 अस्थायी विसर्जन कुंड बनाए गए हैं, जबकि बड़ी प्रतिमाओं के लिए महादेव घाट पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।

महादेव घाट पर विसर्जन के दौरान सुरक्षा के लिए गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की व्यवस्था रहेगी। प्रशासनिक व्यवस्था 25 सितंबर से 1 अक्टूबर की सुबह तक प्रभावी रहेगी। वहीं रायपुर में गणेश प्रतिमाओं की भव्य झांकियां 27 सितंबर को निकाली जाएंगी, जिसे लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की तैयारी की है। झांकी मार्गों पर डीजे और साउंड सिस्टम के इस्तेमाल को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सदर बाजार जैसे संकरे और जर्जर भवनों वाले इलाकों में डीजे का बेस और वाइब्रेशन मोड बंद रखना होगा। इसके अलावा साउंड की आवाज निर्धारित डेसिबल सीमा और तय समय के भीतर ही रखनी होगी। प्रशासन ने आयोजकों से नियमों का पालन करने की अपील की है।

About The Author