छत्तीसगढ़ में 3 दिन फिर बदलेगा मौसम, तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट; कई जिलों में चेतावनी …

छत्तीसगढ़ में बारिश का एक और दौर दस्तक देने जा रहा है। मानसून की विदाई की शुरुआत के बीच बंगाल की खाड़ी में सक्रिय सिस्टम ने प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल दिया है। इसके प्रभाव से 26 सितंबर तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रायपुर में भी मौसम बदलने और हल्की बारिश के आसार हैं।

बारिश के लिहाज से दक्षिण छत्तीसगढ़ के जिलों पर ज्यादा नजर रहेगी। बस्तर संभाग के बस्तर, सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। गरियाबंद, नारायणपुर और कोंडागांव को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है, जबकि रायपुर, महासमुंद सहित कई जिलों के लिए येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम और उससे जुड़ी ट्रफ लाइन प्रदेश में नमी पहुंचा रही है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। तेज आंधी और बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

प्रदेश में इस मानसून सीजन अब तक कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज हो चुकी है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 22 सितंबर तक औसत 1150.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। यहां कोटाडोल में सबसे ज्यादा 1517 मिमी और खड़गवां में 878.3 मिमी वर्षा हुई। सक्ती जिले में औसत बारिश 953.8 मिमी रही, जबकि मालखरौदा में 1125.9 मिमी और चंद्रपुर में 1076.6 मिमी पानी बरसा। अब नए मौसम सिस्टम के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का आंकड़ा और बढ़ सकता है।

About The Author