कब निकलेगी रायपुर में गणेश जी की विसर्जन झांकी ? बदमाशों की नहीं चलेगी मनमानी, दो हजार पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

रायपुर।  राजधानी रायपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन की झांकी को लेकर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया है। 27 सितम्बर रविवार को शाम 8 बजे निकलने वाली झांकी में पिछले वर्षों की तुलना में करीब डेढ़ गुना ज्यादा पुलिस बल तैनात रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान 50 राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के हाथों में होगी, जबकि करीब 2 हजार पुलिसकर्मी अलग-अलग स्थानों पर ड्यूटी संभालेंगे

पुलिस ने पूरे झांकी मार्ग को छह सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों और जवानों की तैनाती की है। भीड़ के बीच विवाद, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों को रोकने के लिए संवेदनशील इलाकों पर विशेष नजर रखी जाएगी।

5 ड्रोन और CCTV से नजर

झांकी मार्ग की निगरानी के लिए पांच ड्रोन कैमरे लगाए जाएंगे। इसके अलावा इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के CCTV कैमरों से प्रमुख चौराहों और मार्गों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस ने कैमरों की जांच कर खराब कैमरों को 25 सितंबर से पहले दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं।

चाकूबाजी रोकने सादे कपड़ों में जवान

पिछले वर्षों में झांकी और महादेव घाट के आसपास हुई चाकूबाजी की घटनाओं को देखते हुए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। ये जवान संदिग्ध गतिविधियों, मनचलों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे। खास निगरानी झांकी मार्ग से जुड़ी अंदरूनी गलियों और संवेदनशील स्थानों पर रहेगी।

पुलिस ने गणेशोत्सव के दौरान उपद्रव की आशंका वाले लोगों पर भी पहले से कार्रवाई की है। पिछले 10 दिनों में तीनों जोन में 180 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

शारदा चौक से महादेव घाट तक निकलेगी झांकी

गणेश विसर्जन की झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीपारा, पुरानी बस्ती और लाखेनगर होते हुए महादेव घाट पहुंचेगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से संभव हो तो पैदल झांकी में शामिल होने की अपील की है।

विसर्जन के लिए 7 क्रेन और 12 गोताखोर

महादेव घाट स्थित विसर्जन कुंड में प्रतिमाओं के सुरक्षित विसर्जन के लिए 7 क्रेन और करीब 12 गोताखोर तैनात किए जाएंगे। क्रेन ऑपरेटर और गोताखोर तीन पालियों में ड्यूटी करेंगे। कुंड के पास भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सीमित संख्या में लोगों को ही जाने की अनुमति होगी।

वहीं, प्रमुख गणेश पंडालों में तैनात पुलिस बल विसर्जन के दिन संबंधित झांकी के साथ रहेगा। इससे पंडाल से लेकर विसर्जन स्थल तक सुरक्षा व्यवस्था लगातार बनी रहेगी।

About The Author