सतना के कामता टोला इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बहुमंजिला इमारत अचानक आग की लपटों से घिर गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की करीब चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फायर फाइटिंग शुरू की गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, जिस समय आग लगी उस दौरान बिल्डिंग के अंदर कई लोग मौजूद थे।
दमकल और राहत टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को इमारत से बाहर निकाल लिया। हालांकि, कुछ और लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। सिटी एसडीएम राहुल सिलाडिया भी मौके पर पहुंचे और पूरे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। एंबुलेंस की व्यवस्था में देरी होने पर रेस्क्यू किए गए लोगों को एसडीएम की गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। कुछ लोगों के घायल होने की जानकारी भी सामने आई है। आग किस वजह से लगी, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। मौके पर पुलिस, प्रशासन और नगर निगम की टीमें मौजूद हैं। दमकलकर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हैं, वहीं बचाव दल इमारत के अंदर फंसे लोगों को तलाश रहा है। आसपास के मकानों को खाली कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि आग फैलने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित रखा जा सके।




