कोरबा में दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां पाली थाना क्षेत्र के नुनेरा गांव में तालाब में डूबने से तीन बच्चियों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर तीनों बच्चियां गांव के अलगू तालाब में नहाने के लिए गई थीं। काफी समय बीतने के बाद भी जब वे घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तालाब के पास बच्चियों के कपड़े और चप्पल मिलने के बाद परिवारवालों की चिंता और बढ़ गई।

तलाश के दौरान ग्रामीणों को तालाब के पानी में एक बच्ची का शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से तालाब में खोज अभियान शुरू किया गया। काफी देर तक चले प्रयास के बाद दो अन्य बच्चियों के शव भी बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान 7 वर्षीय इंदु अगरिया, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना के तौर पर हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती में रहती थीं और आपस में सहेलियां थीं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में बच्चियों की मौत पानी में डूबने से होना सामने आया है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों को लेकर आगे की जांच कर रही है।




